बलरामपुर। आकांक्षात्मक जनपद के लिए नीति आयोग द्वारा निर्धारित सभी सूचकांकों की प्रगति के लिए संबंधित अधिकारी बेहतर प्रयास करें। जिले के विकास कार्यों व सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नीति आयोग के सूचकांकों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को यह निर्देश दिए। स्वास्थ्य एवं पोषण में निर्धारित सूचकांकों की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि एएनसी जांच के लिए पंजीकृत शत-प्रतिशत गर्भवती का संस्थागत प्रसव कराया जाए।
शिक्षा क्षेत्र में नीति आयोग के सूचकांक के तहत विद्यार्थी व शिक्षक अनुपात में प्राइवेट विद्यालयों को भी सम्मिलित किया जाए। कृषि क्षेत्र के सूचकांक की समीक्षा करते हुए डीएम ने फसल बीमा योजना के तहत अधिक से अधिक किसानों को आच्छादित किए जाने व कृषि ऋण प्रदान किए जाने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने स्किल डेवलपमेंट, फाइनेंशियल इंक्लूजन व बेसिक स्ट्रक्चर के सूचकांकों में प्रगति लाते हुए संतृप्त किए जाने का निर्देश दिया।
बैठक में सीडीओ संजीव कुमार मौर्य, सीएमओ डॉ. सुशील कुमार, डीडीओ गिरीश चंद्र पाठक, बीएसए कल्पना देवी, डीपीओ निहारिका विश्वकर्मा, जिला कृषि अधिकारी आरपी राना एवं डिप्टी आरएमओ नरेंद्र तिवारी सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।