बलरामपुर। नीति आयोग के 42 सूचकांकों की प्रगति की समीक्षा के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। डीएम ने स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार, वित्तीय समावेशन, स्किल डेवलपमेंट तथा मूलभूत संसाधनों के प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए।
डीएम डॉ. महेंद्र कुमार ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसीएमओ डॉ. एके सिंघल को निर्देश दिया कि मिसिंग डिलीवरी के कारणों का पता लगाते हुए शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित कराएं। आशा व आंगनबाड़ी के रिक्त पदों को जनगणना के अनुसार भरने के साथ ही हर सीएचसी, पीएचसी व आंगनबाड़ी केंद्र पर वेट मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। शिक्षा विभाग के सूचकांक की समीक्षा करते हुए उन्होंने पाठ्य पुस्तकों का वितरण तथा कक्षा आठ से पास हुए विद्यार्थियों का कक्षा नौ में शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने का निर्देश बीएसए कल्पना देवी को दिया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिया कि अति कुपोषित व कुपोषित बच्चों को पुष्टाहार वितरित करते हुए सुपोषित किया जाए। निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्य में तेजी लाते हुए पूर्ण करने का निर्देश दिया। कृषि विभाग के सूचकांकों की समीक्षा करते हुए डीएम ने फसलों का उत्पादन बढ़ाने, पचपेड़वा की मंडी को इलेक्ट्रानिक मार्केट से जोड़े जाने एवं सब्जियों की खेेती का क्षेत्रफल बढ़ाने का निर्देश जिला कृषि अधिकारी को दिया।
डीएम ने जिले के वेटलैंड एवं जलाशयों का मनरेगा से सौंदर्यीकरण व जीर्णोद्धार कराने का निर्देश भी दिया। उन्होंने वित्तीय समावेशन, स्किल डेवलेपमेंट एवं मूलभूत संसाधनों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर सीडीओ संजीव कुमार मौर्य, एडीएम न्यायिक डॉ. ज्योति गौतम, डीडीओ गिरीश चंद्र पाठक, उपायुक्त उद्योग राजेश कुमार पांडेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी निहारिका सिंह सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।