बलरामपुर। कारागार एवं होमगार्ड राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने रविवार को जिला कारागार का भ्रमण किया। उन्होंने बंदियों के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी और निस्तारण का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने हृदय में सदविचार के लिए बंदियों को ईष्टदेव की आराधना करने का सुझाव भी कैदियों को दिया।
कारागार एवं होमगार्ड राज्यमंत्री रविवार की दोपहर जिलाधिकारी अरविंद सिंह, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, डिवीजनल कमांडेंट सुनील कुमार व जिला कमांडेंट होमगार्ड चंदन सिंह के साथ जिला कारागार पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले बंदियों से मुलाकात की। बंदियों से बातचीत करते हुए उन्हें संकल्प दिलाया कि वह सन्मार्गी बनें ताकि पुन: कारागार में न आना पड़े।
उन्होंने कहा कि कारागार में संचालित कौशल विकास मिशन के विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सभी बंदी भाग लें और रूचि लेकर निरंतर सीखते रहे। प्रशिक्षण प्राप्त करने पर जेल से छूटने के बाद स्वरोजगार करके बंदी आत्मनिर्भर बन सकते हैं। इस दौरान राज्य मंत्री ने मानसिक व शारीरिक रूप से कमजोर बंदियों को कंबल एवं गर्म कपड़े के साथ हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड की पुस्तक भी वितरित की। इस अवसर पर जेल अधीक्षक रामकुबेर सिंह, कारापाल शैलेश कुमार सिंह सोनकर सहित सभी जेलकर्मी मौजूद रहे।