बलरामपुर। क्रिसमस का पर्व सोमवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर ईसाई समुदाय के लोगों ने प्रभु यीशु का जन्मदिन मनाते हुए गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभा में हिस्सेदारी कर एक दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी। चर्च में प्रभु यीशु की झांकी सजाकर विशेषतौर पर बच्चों को उपहार भी बांटे गए। मौजूद लोगों ने प्रभु यीशु की प्रार्थना कर, उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प भी लिया।
क्रिसमस को लेकर ईसाई समुदाय के साथ अन्य धर्म के लोगों में काफी उत्साह दिखा। इस अवसर पर चर्चो व गिरजाघरों के साथ ही ईसाई समुदाय के लोगों ने अपने घरों को रंग-बिरंगी बिजली की रोशनी के साथ क्रिसमस ट्री से सजाया। नगर के मोहल्ला पहलवारा सहित चर्च में पादरी बीजू पत्रोष के नेतृत्व में प्रार्थना सभा हुई। सभी लोगों ने प्रभु यीशु की प्रार्थना करते हुए मानव कल्याण की कामना की। धुसाह स्थित जीसस एंड मैरी स्कूल, कुवांनो स्थित फातिमा स्कूल तथा उतरौला स्थित चर्च में प्रभु यीशु की आकर्षक झांकी सजाई गई।
जीसस एंड मैरी स्कूल के संचालक क्लाइव बटरफील्ड, कैथलीन बटरफील्ड, नताशा बटरफील्ड, जोजो फर्नांडीज एवं जॉन फर्नांडीज आदि ने प्रभु यीशु का जन्मदिन मनाते हुए विशेष प्रार्थना सभा में हिस्सेदारी की। प्रार्थना सभा के बाद बच्चों को उपहार तथा गरीब व असहाय लोगों को मिठाई व वस्त्र इत्यादि का वितरण भी किया गया।