बलरामपुर। फुलवरिया बाईपास के शिवेंद्र तिवारी की मौत का राज अब संदिग्ध दीपू की गिरफ्तारी से खुलेगा। पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर आरोपी दीपू के साथ ही मृतक शिवेंद्र के अन्य साथियों की तलाश में जुटी है ताकि शिवेंद्र की संदिग्ध मौत का खुलासा जल्दी किया जा सके।
शिवेंद्र का शव रविवार को उतरौला रोड़ पर मझौवा पुल के पास गड्ढे में गिरी उसकी सफारी गाड़ी में मिला था। इस मामले में पुलिस की जांच का दायरा शिवेंद्र के साथी दीपू सिंह के इर्द- गिर्द ही घूम रहा है। हत्या या आत्महत्या की स्थिति को साफ करने के लिए पुलिस पूरे मामले में तथ्यों को जुटाने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट हल्की चोट के साथ ही डूबने से शिवेंद्र की मौत की बात सामने आई है।
शिवेंद्र का शव नाले में गिरी सफारी गाड़ी में मिलने के बाद से कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। मामला शहर के जुड़ा होने के कारण विभाग के आला अफसरों की निगाहें भी पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं। नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विमलेश कुमार सिंह ने बताया कि सभी पहलूओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। जल्दी शिवेंद्र की मौत की गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा।