बलरामपुर। नवीन दीवानी परिसर में वकीलों के चैंबर के लिए चिह्नित की गई जमीन पर पौधरोपण कर दिया गया। इससे वकीलों में जबरदस्त गुस्सा है। दीवानी न्यायालय परिसर में सोमवार को वकीलों ने इसको लेकर बैठक कर आक्रोश जताया और चैंबर के लिए चिन्हित जमीन को खाली न कराए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। यही नहीं अपनी मांग को लेकर वे सोमवार को न्यायिक कार्य से विरत भी रहे।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला बार संघ अध्यक्ष रामानंद मिश्र ने कहा कि पूर्व में प्रशासनिक न्यायमूर्ति द्वारा वकीलों के चैंबर के लिए जमीन चिह्नित की गई थी। लेकिन जिले के न्यायिक अधिकारी संबंधित जमीन पर पहले अतिरिक्त न्यायालय कक्ष बनाने की बात कहकर जमीन आवंटित करने से बचते रहे। बीते दिन चले पौधरोपण अभियान में इसी जमीन पर पौधे रोपित कर दिए गए।
जिला बार संघ महामंत्री अजय बहादुर सिंह ने कहा कि बार संघ की बैठक में निर्णय लिया गया है कि जिला जज सहित प्रशासनिक न्यायमूर्ति, मुख्य न्यायमूर्ति इलाहाबाद हाईकोर्ट व भारत के मुख्य न्यायमूर्ति को पत्र लिखकर चिह्नित भूमि वकीलों के चैंबर के लिए आवंटित किए जाने की मांग की जाएगी।
कलेक्ट्रेट बार संघ अध्यक्ष दयाशंकर पांडेय ने कहा कि जिला जज को पत्र लिखकर मांग पूरा करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। मांगे पूरी न होने पर अधिवक्ता आंदोलन करने को विवश होंगे। अपनी इसी मांग को लेकर सभी अधिवक्ता सोमवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे। इस अवसर पर पंकज शर्मा, कमलेश्वर सिंह, अमित पांडेय, मुर्तजा हुसैन, शशांक त्रिपाठी, मृगेंद्र उपाध्याय, अजीत सिंह, अलीमुल हक व अयाज अहमद सहित तमाम अधिवक्ता मौजूद रहे।