बलरामपुर। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 15 अक्तूबर को जिले में चार केंद्रों पर प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) कराई जाएगी। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए शुक्रवार को 250 कक्ष निरीक्षक, छह स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं दो रिजर्व स्टेटिक मजिस्ट्रेट को प्रशिक्षण दिया गया। चार केंद्रों पर दो पालियों में कुल 5040 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। ये परीक्षा 16 अक्तूबर को भी दो पालियों में कराई जाएगी।
परीक्षा में ड्यूटी पर लगाए गए शिक्षकों का शुक्रवार को एमएलके महाविद्यालय में प्रशिक्षण हुआ। प्रशिक्षक डॉ. चंदन पांडेय ने बुकलेट के माध्यम से कक्ष निरीक्षक व स्टेटिक मजिस्ट्रेट को उनकेे दायित्वों की जानकारी दी। बताया कि कक्ष निरीक्षक अपने पास मोबाइल फोन व स्मार्ट वाच नहीं रखेंगे। नोडल डॉ. ज्योति गौतम एवं जिला विद्यालय निरीक्षक गोविंद राम ने भी परीक्षा के संबंध में कक्ष निरीक्षकों व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को आवश्यक जानकारी दी।