बलरामपुर। पटना की एक युवती इंस्टाग्राम पर बलरामपुर के एक नाबालिग को दिल दे बैठी। वह उससे शादी करने के लिए पटना से भागकर बलरामपुर आ गई। महिला थाने की पुलिस ने युवती को वन स्टॉप सेंटर में रखा है।
पटना की रहने वाली 21 वर्षीय युवती इंटरमीडिएट पास है। इंस्टाग्राम पर युवती की एक पोस्ट पर बलरामपुर के 17 वर्षीय लड़के ने कमेंट किया। इसके बाद दोनों की चैटिंग शुरू हो गई। चंद दिनों में ही दोनों एक-दूसरे से प्रेम करने लगे।
युवती मंगलवार को पटना से यहां आ गई। वह काफी देर तक तुलसी पार्क के पास अकेले बैठी रही। स्थानीय लोगों से सूचना पाकर महिला थानाध्यक्ष ममता यादव मौके पर पहुंचीं। वह युवती को अपने साथ थाने ले गईं। पूछताछ में उसने नाबालिग से शादी करने की बात कही। पुलिस ने नाबालिग लड़के से भी बात की। इसके बाद युवती को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया।
सीओ सिटी दरवेश कुमार ने बताया कि युवती के परिजनों से बात की गई। पता चला कि एक माह पहले ही उसके पिता की मौत हो हुई है। काफी समझाने पर भी वह नाबालिग लड़के से ही शादी करने की जिद कर रही है। उसे वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। जिला प्रोबेशन अधिकारी को प्रकरण से अवगत कराया गया है।