बलरामपुर। दीपावली के पर्व पर बाजारों में जुट रही खरीदारों की भीड़ को पार्किंग व्यवस्था न होने का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। सड़क की पटरियों पर फुटकर दुकानदारों का कब्जा होने व दुकानों के सामने बेतरतीब से खड़े वाहनों के कारण लग रहे जाम से लोग परेशानहाल हैं।
बाजारों में दुकानों के साथ ही बैंक व अन्य सरकारी व निजी प्रतिष्ठानों के सामने सड़क पर खड़े वाहनों के कारण शहरवासियों को आए दिन जाम की परेशानी से जूझना पड़ रहा है। नगरपालिका और जिला प्रशासन की तरफ से पार्किंग के लिए योजनाएं तो बनाई गईं लेकिन आज तक उसपर अमल नहीं हुआ। वहीं त्योहार पर जहां खरीददार जुट रहे हैं, वहीं पुलिस बैरियर के बाद भी ई- रिक्शा बाजार में फर्राटा भर जाम की परेशानी को दो गुना बढ़ा रहे हैं।
बुधवार को बाजारों में खरीदारों की बढ़ी भीड़ के कारण जाम से राहत दिलाने को किए गए पुलिस विभाग के इंतजाम नाकाफी साबित हुए। नगर के वीर विनय चौराहा व गोंडा रोड पर रोडवेज बसों व ई-रिक्शा चालकों का दबदबा रहा। पुलिस की टीम भी कुछ कर नहीं सकी। वहीं रोडवेज बसों के चालक भी सड़क पर ही दो-तीन बसें एक साथ खड़ी कर जाम की परेशानी को बढ़ाते रहे। भगवतीगंज चौराहा हो या आंबेडकर तिराहा या फिर चौक बाजार बाजार सभी स्थानों पर सड़क घेर कर किए गए अतिक्रमण के कारण भी जाम की परेशानी लोगों की सिरदर्दी बढ़ा रही है।
लगातार जाम से जूझ रहे लोगों को त्योहार पर राहत देने के प्रशासन भी गंभीर नजर नहीं आ रहा है। हालांकि ईओ बलरामपुर राजमणि वर्मा का कहना है कि जल्द ही पुलिस व प्रशासन के साथ बाजारों की सड़कों पर व्याप्त अतिक्रमण को हटवाने के लिए अभियान चला कर कार्रवाई तय की जाएगी। साथ ही नगर पालिका की तरफ से वाहनों के लिए निर्धारित टैक्सी स्टैंड पर पार्किंग की व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जा रहा है।