बलरामपुर। जिले में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। गणतंत्र दिवस पर कोविड-19 प्रोटोकॉल के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा उनकी पत्नियों को सम्मानित किया जाएगा। ध्वजारोहण कर भारतीय गणतंत्र की विशेषताओं पर प्रकाश डाला जाएगा।
कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को गणतंत्र की तैयारी बैठक हुई। डीएम डॉ. महेंद्र कुमार ने कहा कि गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिजनों को सम्मानित भी किया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि 26 जनवरी की सुबह स्टेडियम में बच्चों की साइकिल रेस होगी।
प्रात: 8.30 बजे सभी सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान का गायन किया जाएगा। सुबह 9 बजे पुलिस लाइन में परेड का आयोजन होगा जिसमें रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। सभी स्कूलों में 10 बजे ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों की खेलकूद, नाटक, विचार गोष्ठी व निबंध लेखन प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
दोपहर 12 बजे विकास भवन परिसर से विकास कार्यक्रमों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित झांकी रवाना की जाएगी। दो बजे एनसीसी व स्काउट-गाइड की तरफ से रूट मार्च निकाला जाएगा। शाम सात बजे एमएलके महाविद्यालय में कवि सम्मेलन का आयोजन होगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रदीप कुमार, एडीएम न्यायिक डॉ. ज्योति गौतम, बीएसए कल्पना देवी, डीआईओएस गोविंद राम, पीडी डीआरडीए सीपी श्रीवास्तव एवं डीपीओ निहारिका विश्वकर्मा सहित तमाम अधिकारी व समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।