हरैया सतघरवा। पांडेयपुरवा-कमदा मार्ग पर सड़क हादसे में आमिना (60) की शनिवार शाम मौत हो गई। हरैया क्षेत्र के ग्राम कमदा निवासी अबू बकर ने रविवार को बताया कि मेरी पत्नी आमिना शनिवार की शाम करीब चार बजे अपने खेत से साग काटकर घर आ रही थीं। रास्ते में पांडेयपुरवा-कमदा रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने टक्कर मार दी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके तलाश की जा रही है। (संवाद)