बलरामपुर। पुरानी पेंशन हर कर्मचारी व शिक्षक का अधिकार और सम्मान है। कर्मचारियों की नाराजगी को दूर करने के लिए कई राज्यों में पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल किया जा चुका है। इसलिए प्रदेश में भी पुरानी पेंशन बहाल को लेकर आर-पार की लड़ाई होगी। यह चेतावनी अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. रामचंद्र डबास ने दी।
इससे पूर्व उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अजय प्रताप सिंह व जिला महामंत्री मंगलदेव मिश्र के नेतृत्व में शिक्षक नेताओं ने हरिहरगंज के पास जिले की सीमा पर पहुंची पुरानी पेंशन बहाली रथ यात्रा का स्वागत किया। स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. रामचंद्र ने बताया कि यह रथयात्रा पांच सितंबर को बाघा बार्डर पंजाब से रवाना की गई। जम्मू कश्मीर,
हिमांचल प्रदेश व उत्तराखंड के हल्द्वानी से होते हुए यह रथयात्रा 19 सितंबर को प्रदेश के बरेली जिले में पहुंची है। इस यात्रा का उद्देश्य पुरानी पेंशन बहाली के लिए सरकार तक अपनी बात पहुंचाना है। इस मौके पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के मंडल अध्यक्ष दिलीप चौहान, विशिष्ट बीटीसी शिक्षक एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र शुक्ला, महामंत्री तुलाराम गिरि व राघवेंद्र मिश्रा आदि सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व कर्मचारी नेता मौजूद रहे।