बलरामपुर। श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र के मुजहनी गांव में शनिवार रात मकान के विवाद को लेकर दबंगों ने चाय की दुकान चलाने वाले वृद्ध को पीट दिया। घायल वृद्ध की सीएचसी उतरौला में इलाज के दौरान रविवार दोपहर मौत हो गई। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
मुजहनी निवासी हरिद्वार (75) गांव के बाहर दरसडीह सड़क पर बने मकान में चाय की दुकान चलाते हैं। परिवार के अन्य लोग गांव में रहते हैं। हरिद्वार के पुत्र राघवराम के मुताबिक शनिवार रात 10 बजे गांव के तीन लोग दुकान पर पहुंचे। ये लोग मकान अपना बताते हुए उसे खाली करने का दबाव बनाने लगे।
राघवराम के मुताबिक पिता ने जब मामला न्यायालय में विचाराधीन होने की बात कही तो आरोपियों ने उन्हें लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। घटना की जानकारी होने पर परिजन वहां पहुंचे तो गंभीर रूप से घायल हरिद्वार ने सीने व पेट में तेज दर्द होने की बात कही।
घर में दवा खिलाकर किसी तरह रात काटी गई। रविवार सुबह परिवार के लोग हरिद्वार को एंबुलेंस से सीएचसी उतरौला ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए हरिद्वार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसी बीच दोपहर करीब एक बजे सीएचसी में ही हरिद्वार की मौत हो गई।
थानाध्यक्ष विपुल पांडेय ने बताया कि राघवराम की तहरीर पर आरोपी मुस्तकीम, खैराती व मुस्तफा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात है। मामले में छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी।