बलरामपुर। उतरौला कोतवाली क्षेत्र में गोंडा मार्ग पर शेरापुर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ग्राम भेदपुर पिपरा रामचंदर निवासी मक्केदीन (60) घर से शेरापुर बाजार स्थित दुकान जा रहे थे।
उतरौला-गोंडा मार्ग पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने मक्केदीन को कुचल दिया। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। चालक ट्रक समेत मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे के बाद चालक कुछ दूर आगे ट्रक खड़ा करके भाग गया। ट्रक कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।