बलरामपुर। जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं में अब और इजाफा हो गया है। संयुक्त जिला चिकित्सालय में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का संचालन शुक्रवार से शुरू हो गया। इससे मरीजों को प्लाज्मा व प्लेटलेट्स के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, अब उन्हें यह सुविधा यहीं पर मिलेगी।
सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, डीएम पवन अग्रवाल व सीएमओ डाॅ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने यूनिट का उद्घाटन किया। अतिथियों ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार जनता की मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दे रही है। पहले मरीजों को इलाज के लिए दिल्ली व लखनऊ जाना पड़ता था। अब हर जिले में मेडिकल काॅलेज खुल रहे हैं। जल्द ही जिले में मेडिकल काॅलेज का संचालन भी शुरू होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संयुक्त जिला चिकित्सालय के सीएमएस डाॅ. राज कुमार वर्मा ने बताया कि कोविड काल के दौरान कोरोना मरीजों के इलाज में प्लाज्मा ट्रांसप्लांट की आवश्यकता को देखते हुए ब्लड सेपरेशन युनिट की स्वीकृति दी गई थी। अस्पताल की पैथोलॉजिस्ट डॉ. आकांक्षा शुक्ला ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर ब्लड बैंक प्रभारी सीपी श्रीवास्तव, लैब टेक्नीशियन अशोक पांडेय, अंजली सिंह, सोनम तिवारी, ऋषि मिश्र, हिमांशु तिवारी, अभिषेक सिंह व विकास पांडेय सहित तमाम स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
एक यूनिट से चार कंपोनेंट होंगे तैयार
ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट में रक्त को परत दर परत विभाजित किया जाता है। इसके जरिए रक्त से रेड ब्लड सेल (आरबीसी), व्हाइट ब्लड सेल (डब्ल्यूबीसी), प्लाजमा और प्ललेटलेट्स अलग किए जाते हैं। एक यूनिट रक्त से चार अलग-अलग कंपोनेंट तैयार किए जाएंगे।
इन मरीजों को मिलेगा फायदा
अस्पताल की पैथोलॉजिस्ट डॉ. आकांक्षा शुक्ला ने बताया कि कोरोना मरीजों के इलाज में प्लाज्मा को काफी उपयोगी माना गया था। उस समय प्लाज्मा ट्रांसप्लांट के जरिए तमाम मरीज स्वस्थ हुए थे। जलने वाले व्यक्तियों के लिए भी प्लाज्मा की आवश्यकता पड़ती है। डेंगू के मरीजों में प्लेटलेट्स कम हो जाने से वह काफी कमजोर हो जाते हैं। ऐसे में डेंगू मरीजों के लिए प्लेटलेट्स उपयोगी है। इसी तरह आरबीसी एनिमिक व्यक्तियों के लिए जरूरी है।
-
आठ ने किया रक्तदान
ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट के उद्घाटन के अवसर पर ब्लड बैंक में आठ महादानियों ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में नीरज श्रीवास्तव, आलोक कुमार त्रिवेदी, पवन सिंह, ओमप्रकाश, कुमार पीयूष, डॉ. एके शुक्ल व प्रतीक अग्रवाल शामिल रहे।