बलरामपुर। किसानों के लिए राहत भरी खबर है। अगर किसी क्षेत्र में एक ट्रक गेहूं उपलब्ध है तो किसानों को अब क्रय केंद्रों का चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम नंबर 9235585111 पर कॉल करके अपना विवरण दर्ज कराएं। टीम खुद ही गांव में मौके पर पहुंचकर गेहूं की खरीद कर लेगी।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी नरेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की राजकीय खरीद को बढ़ाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की जा रही है। किसान कंट्रोल रूम नंबर पर कॉल करके अपना नाम, ग्राम, ब्लॉक का नाम एवं विक्रय की जाने वाली गेहूं की मात्रा किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक नोट करा सकते हैं।
इसके अलावा क्रय केंद्रों पर कार्यरत केंद्र प्रभारी एवं जिला प्रबंधक के मोबाइल नंबर पर संपर्क करके किसान गेहूं विक्रय कर सकते हैं। किसी भी समस्या पर किसान पीसीएफ के जिला प्रबंधक के मोबाइल नंबर 790522204, यूपीएसएस के जिला प्रबंधक के मोबाइल नंबर 9451727856, बलरामपुर मंडी में तैनात क्षेत्रीय विपणन अधिकारी के मोबाइल नंबर 9919172772 पर संपर्क कर सकते हैं। वैसे अब तक चार हजार क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है।