बलरामपुर। एक दशक से संघर्ष व प्रयास के बाद गैसड़ी बाजार को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के बाद अब पचपेड़वा ब्लॉक को तहसील का दर्जा देने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इसके लिए पूर्व भाजपा विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।
इसमें कहा है कि पचपेड़वा ब्लॉक में कुल 101 तथा गैसड़ी ब्लॉक में 115 ग्राम पंचायतें हैं। इन दोनों ब्लॉकों का अधिकांश इलाका नेपाल की सुदूरवर्ती सीमा से सटा है। यहां के लोगों को तहसील मुख्यालय तुलसीपुर पहुंचने के लिए 30 तथा जनपद मुख्यालय बलरामपुर जाने के लिए 50 से 60 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है।
पत्र में पूर्व विधायक ने कहा कि भौगोलिक दृष्टिकोण से ये इलाका वनों तथा पहाड़ी नालों से आच्छादित है। वर्ष 2020 में तत्कालीन डीएम कृष्णा करुणेश ने पचपेड़वा को तहसील का दर्जा देने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था। मगर यहां के लोग आज भी पिछड़े हैं। इन दोनों ब्लॉकों में थारु जनजाति की करीब 35 हजार आबादी भी निवास करती है।
ग्रामीण जन कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष तथा भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अब्दुल अजीज ने कहा कि पचपेड़वा को तहसील बनाने के लिए समिति की ओर से हर संभव संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति ने एक दशक से गैसड़ी को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए भी संघर्ष किया और सफलता भी मिली। हम लोग पचपेड़वा को तहसील बनवाने के लिए पूर्व विधायक के साथ हैं और उन्हें हर तरह से सहयोग करेंगे। पूर्व विधायक ने बताया कि शीघ्र ही वह इस मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे तथा शीघ्र ही पचपेड़वा को तहसील का दर्जा दिलाएंगे।