बलरामपुर। सीएचओ के दवा न उठाने के मामले में सीएमओ ने गैसड़ी व पचपेड़वा सीएचसी के अधीक्षकों को नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही सभी 28 सीएचओ के कार्यों से जुड़ा विवरण भी मांगा है। अमर उजाला के माई सिटी अंक में इस संबंध में प्रकाशित खबर के बाद विभाग हरकत में आया।
अमर उजाला के 22 जून के अंक में नहीं हुआ दवाओं का उठान, कर दिया 80 लाख का भुगतान शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई थी। इसमें गैसड़ी व पचपेड़वा के 28 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर तैनात कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर द्वारा दो साल से सेंट्रल ड्रग वेयर हाउस से दवा न उठाने का मामला उजागर किया गया था। साथ ही बिना दवा के ही मरीजों का इलाज करने वाले सीएचओ को प्रोत्साहन राशि के भुगतान के मामले को भी उजागर किया गया गया।
खबर को संज्ञान में लेकर सीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने गैसड़ी के अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार व पचपेड़वा के अधीक्षक डॉ. विजय कुमार से स्पष्टीकरण मांगा है। सीएमओ ने बताया कि दोनों अधीक्षकों को नोटिस देते हुए उनसे विवरण तलब किया गया है। विवरण में सीएचओ द्वारा किए गए कार्य, प्रतिमाह उपचारित होने वाले मरीजों का विवरण, सीएचओ को सीएचसी से दी गई दवा आदि से जुड़ी जानकारी मांगी गई है। उन्होंने बताया कि अभिलेखों का मिलान करने के बाद दोषी स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।