संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। जिले में चल रहे एग्री स्टैग सर्वे में लापरवाही करना पंचायत सहायकों को भारी पड़ गई। सदर ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी ने पांच पंचायत सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सर्वे में तेजी न लाने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बलरामपुर ब्लॉक के प्रभारी एडीओ पंचायत अशोक कुमार ने बताया कि कृषि विभाग की तरफ से खरीफ फसलों का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे में सात विभागों की टीमों को लगाया गया है। इसमें पंचायत सहायकों की ड्यूटी भी लगाई गई है। सदर ब्लॉक के कुछ पंचायत सहायक सर्वे में लापरवाही कर रहे हैं। ऐसे में परसिया माफी, खैराही, चकवा अड़ारपाकड़, दुर्गापुर व बफावा गांव के पंचायत सहायकों को नोटिस दिया गया है। सर्वे में तेजी न आने पर कार्रवाई के लिए डीपीआरओ को पत्र प्रेषित किया जाएगा। संवाद