बलरामपुर। मानक से अधिक डीजल की खपत करने के मामले में बलरामपुर डिपो के 11 संविदा चालकों को नोटिस दिया गया है। फरवरी में डीजल की खपत कम न होने पर इन चालकों के वेतन से एकमुश्त रिकवरी की जाएगी। साथ ही इनका रूट भी बदल दिया जाएगा।
बलरामपुर डिपो में 11 ऐसे संविदा चालक चिह्नित किए गए हैं, जिन्होंने दिसंबर 2022 व जनवरी 2023 में मानक से अधिक डीजल की खपत की है। इन चालकों ने अलग-अलग दिन बस चलाकर पांच से 22 लीटर तक अधिक डीजल की खपत की है। ऐसे में विभाग को राजस्व का नुकसान हुआ है। डिपो की प्रभारी तरन्नुम ने संविदा चालकों को मानक के अनुसार डीजल की खपत करने का निर्देश दिया है। फरवरी माह में स्थिति न सुधरने पर इन चालकों के वेतन से एकमुश्त रिकवरी की चेतावनी भी दी है। साथ ही इन चालकों के रूट परिवर्तन की चेतावनी भी दी है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वीके वर्मा ने बताया कि डिपो से संचालित सभी रोडवेज बसों की डीजल खपत का औसत सामान्य है। 11 चालकों ने डीजल की अधिक खपत दर्शायी है, जो दोषपूर्ण है। इन सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बलरामपुर डिपो में तैनात संविदा चालक संजय यादव, बृजेंद्र कुमार, राजू, आशुतोष, ओमप्रकाश, अब्दुल मोतल्लिव, वैद्यनाथ मिश्र, अनिल कुमार तिवारी, बजरंग, संजय तिवारी व ओमप्रकाश रावत ने दिसंबर व जनवरी माह में मानक से अधिक डीजल की खपत की है। इन्हें सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक की तरफ से नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई है।