बलरामपुर के ग्राम सिरसिया में लाभार्थी को प्रमाण पत्र देते अपर सचिव भुवनेश कुमार।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। नीति आयोग के केंद्रीय नोडल अधिकारी व अपर सचिव भुवनेश कुमार एक दिवसीय भ्रमण पर जिले में पहुंचे। सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत सिरसिया में आयोजित चौपाल में अपर सचिव ने कन्या पूजन करके मुख्यमंत्री आवास योजना के पात्रों को आवास की चाबी वितरित की।
शासन स्तर से प्रत्येक शुक्रवार को गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जाती हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को वृहद चौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल के मुख्य अतिथि इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अपर सचिव भुवनेश कुमार रहे। चौपाल को संबोधित करते हुए अपर सचिव ने कहा कि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर से पारदर्शिता के आधार पर पात्रों का चयन किया जाए। चौपाल के शुभारंभ पर सबसे पहले उन्होंने नौ कन्याओं का पूजन करके आशीर्वाद प्राप्त किया। लोगों से संवाद करके विकास योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
इसके बाद मुख्यमंत्री आवास योजना की लाभार्थी शीला देवी, माया व श्रीदेवी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थी अनिता, घनश्याम व प्रतिभा उनके घर की चाबी वितरित की। उन्होंने गांव के परिषदीय विद्यालय में निपुण हुए बच्चों को पाठ्य सामग्री तथा किशोरियों को पोषण किट भी बांटे। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने वाली 10 लखपति दीदियों को प्रशस्तिपत्र प्रदान किया। कार्यक्रम से पहले जिलाधिकारी पवन अग्रवाल व सीडीओ हिमांशु गुप्त ने अपर सचिव को पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रदीप कुमार, डीडीओ कमलेश कुमार सोनी, पीडी राघवेंद्र तिवारी, डीपीआरओ श्रेया उपाध्याय, डीपीओ निहारिका विश्वकर्मा, बीडीओ संजय कुमार व पंचायत सचिव राकेश चौधरी आदि मौजूद रहे।