बलरामपुर के सीएचसी तुलसीपुर में स्वास्थ्य मेले का निरीक्षण करते सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी।
बलरामपुर। नौ सामुदायिक व 24 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयुष्मान भव: मेले का आयोजन किया गया। जिसमें 4,078 मरीजों का उपचार हुआ। मुख्य चिकित्साधिकारी ने आयुष्मान भव: मेले में बिना सूचना के गायब मिले पांच चिकित्सक सहित नौ स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने आयुष्मान भव: मेले की हकीकत जानने के लिए रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर के साथ सीएचसी गैसड़ी व पचपेड़वा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएचसी तुलसीपुर में चिकित्सक डॉ. आकांक्षा श्रीवास्तव, डॉ. शगुफ्ता खातून, वार्ड आया शकुंतला व चतुर्थश्रेणी कर्मी मीना सिंह अनुपस्थित मिलीं। सीएचसी गैसड़ी में डॉ. रोशन आरा व स्वीपर राजकुमार बिना सूचना के गायब मिले। इसी तरह सीएचसी पचपेड़वा में चिकित्सक डॉ. शहंशाह आलम, डॉ. संगीता पांडेय व एसपीएस अंकित अनुपस्थित पाए गए।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने अनुपस्थित मिले सभी कर्मियों का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। सीएमओ ने बताया कि नौ सीएचसी व 24 पीएचसी पर आयोजित आयुष्मान भव: मेले में 4,078 मरीजों का उपचार कर निशुल्क दवा वितरित की गई है। निरीक्षण के दौरान एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव, सीएचसी तुलसीपुर के अधीक्षक डॉ. सुमंत सिंह चौहान, सीएचसी गैसड़ी के अधीक्षक डॉ. अरविंद व सीएचसी पचपेड़वा के अधीक्षक डॉ. विजय कुमार व अन्य मौजूद रहे।