जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करते डीएम।
बलरामपुर। मतदान केंद्रों की स्थिति पर चर्चा के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिसमें डीएम अरविंद सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदान केंद्रों की स्थिति पर चर्चा की। बताया कि जिन मतदान केंद्रों पर 1500 से अधिक मतदाता हैं, उन्हें विभाजित कर नया मतदान केंद्र बनाया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर ऐसे मतदेय स्थल जहां 1500 से अधिक मतदाता हैं, उन्हें विभाजित कर एक नया मतदान केंद्र बनाया जाएगा। इसके अलावा यदि किसी स्थान पर दो मतदान केंद्र हैं और एक मतदान केंद्र पर 1500 से अधिक व दूसरे पर कम मतदाता हैं तो नया मतदान केंद्र बनाने के बजाय मतदाताओं को समायोजित किया जाएगा।
उन्होंने बैठक में मौजूद राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से मतदान केंद्रों के संबंध में सुझाव भी लिए। डीएम ने सभी एसडीएम को निर्देश दिया कि जिले में स्थित 1723 मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के क्रम में आवश्यक कार्रवाई की जाए। बैठक में अपर एसडीएम संतोष कुमार ओझा, सदर एसडीएम राजेंद्र बहादुर, उतरौला एसडीएम अवधेश कुमार व तुलसीपुर एसडीएम अभय प्रताप सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।