बलरामपुर। नवरात्रि के दूसरे दिन मंगलवार को ज्ञान, वैराग्य और ध्यान की अधिष्ठात्री देवी ब्रह्मचारिणी की पूजा पूरे विधि-विधान के साथ की गई। देवी मंदिरों में माता रानी के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लग रहीं। वहीं, पूजा पंडालों में भी देर रात तक भक्तों का तांता लगा रहा।
शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में भोर से ही श्रद्धालु सूर्य कुंड में स्नान कर मां पाटेश्वरी की पूजा के लिए कतारबद्ध खड़े हो गये। माता के जयकारे से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो गया। इसके अलावा बिजलीपुर स्थित बिजलेश्वरी देवी मंदिर, झारखंडी मंदिर, कालीमाता मंदिर, समय माता मंदिर, बड़की बहिनी थान, उतरौला स्थित ज्वाला देवी मंदिर एवं तुलसीपुर के नई देवी मंदिर, रहिया देवी मंदिर व झिंगहा माता मंदिर में भी मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।
वहीं, जिले में 1,322 स्थानों पर सजे दुर्गा पूजा पंडालों में भी मातारानी के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ जुटी। लोग भजन-कीर्तन कर मां भवानी से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांग रहे हैं। देवी गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया है। सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद है। सोमवार रात एसपी राजेश कुमार सक्सेना ने पुलिस बल के साथ शक्तिपीठ देवीपाटन स्थित मेला परिसर का निरीक्षण कर मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।