बलरामपुर। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जयप्रकाश एवं एसडीएम संतोष कुमार ओझा ने रविवार को उतरौला नगर के कई नर्सिंग होम एवं पैथाेलॉजी का निरीक्षण किया। इस दौरान पैथाेलॉजी में रेट लिस्ट एवं चिकित्सक के नाम का बोर्ड नहीं मिला। एसीएमओ ने नाराजगी जताते हुए एक सप्ताह के अंदर डॉक्टर का बोर्ड लगवाने का निर्देश दिया।
एसीएमओ ने रविवार को नगर स्थित लाइफ केयर हॉस्पिटल, सावित्री हॉस्पिटल, जनता पैथाेलॉजी व केयर पैथाेलॉजी का निरीक्षण किया। जनता पैथाेलॉजी में चिकित्सक व लैब टेक्नीशियन मौजूद थे। यहां पर एक भी एक्सरे व अल्ट्रासाउंड की जांच नहीं हुई थी। केयर पैथाेलाॅजी में जांच के दौरान न तो रेट लिस्ट लगी मिली और न डॉक्टर के नाम का बोर्ड ही लगा पाया गया। इस पर एसीएमओ ने नाराजगी जताते हुए एक सप्ताह के अंदर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
सावित्री हॉस्पिटल एवं होम लाइफ केयर हॉस्पिटल में कर्मचारियों से वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली गई। एसीएमओ ने संचालकों को निर्देश दिया कि अस्पताल से संबंधित सभी अभिलेख अपडेट रखे जाएं। मरीजों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान उतरौला सीएचसी अधीक्षक चंद्रप्रकाश सिंह भी मौजूद रहे।