बलरामपुर। रोडवेज बस स्टेशन परिसर से सवारी बैठाना दो निजी वाहन चालकों को भारी पड़ गया। दोनों वाहनों का चालान करने के साथ ही सीज किया गया है। एआरटीओ ने प्राइवेट वाहन चालकों को बस स्टेशन से एक किलोमीटर की परिधि के अंदर सवारी नहीं बैठाने की चेतावनी दी है।
रोडवेज बस स्टेशन के सामने शुक्रवार को एक प्राइवेट बस व एक टैक्सी चालक सवारियां बैठा रहा था। तभी रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के पदाधिकारियों ने चालकों को घेर लिया। चालकों को उतारकर दोनों वाहनों को रोडवेज कर्मचारियों ने बस स्टेशन में लाकर खड़ा करा दिया। डिपो प्रभारी ने एआरटीओ से फोन पर शिकायत की। मौके पर पहुंचे एआरटीओ अरविंद कुमार यादव ने वाहनों का चालान कर सीज कर दिया।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के पदाधिकारी संजय सिंह, कृष्णानंद चौधरी, माजिद अली व श्याम सुंदर ने बताया कि प्राइवेट वाहन संचालकों ने रोडवेज के पास ही अस्थायी स्टैंड बना रखा है। यहीं से यात्रियों को भरकर ले जाते हैं और रोडवेज बसें यात्रियों का इंतजार करती रहती हैं। रोडवेज बस में यात्रियों की संख्या कम होने पर डीजल खपत के अनुसार आय नहीं हो पाती है।
बलरामपुर डिपो की वरिष्ठ केंद्र प्रभारी तरन्नुम ने बताया कि रोडवेज बस स्टेशन से एक किलोमीटर की परिधि तक सवारी न बैठाने की चेतावनी कई बार दी जा चुकी है। बस स्टेशन के आसपास सवारी बैठाने वाले प्राइवेट वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई कराई जाएगी।