बलरामपुर। उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा की शिकायत पर राज्य परियोजना निदेशक विजय किरण आनंद ने श्रीदत्तगंज के एआरपी अनिल कुमार तिवारी के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। इसमें बीएसए को एआरपी पर कार्रवाई कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने काे कहा है। उतरौला विधायक ने परियोजना निदेशक को पत्र भेजकर एआरपी पर स्कूल में बच्चों का शैक्षिक स्तर सुधारने में सहयोग नहीं करने सहित अन्य शिकायत की थी। हालांकि एआरपी अनिल कुमार तिवारी का कहना है कि उतरौला विधायक ने उनकी कोई शिकायत नहीं की है। किसी ने विधायक के लेटर पैड का गलत प्रयोग किया है। शिकायत में लगाए गए आरोप निराधार हैं। बीएसए कल्पना देवी ने बताया कि परियोजना निदेशक का आदेश मिला है। शिकायत की जांच कराकर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।