बलरामपुर। बाबू ज्ञान सिंह इंटर कॉलेज के पास बृहस्पतिवार रात हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया। इसके विरोध में शुक्रवार को छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया। कहा कि कई दिनों से इस तार हटवाने की मांग की जा रही थी मगर पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। मौके पर पहुंचे बिजली कर्मचारी विद्यार्थियों के आक्रोश के चलते बिना तार जोड़े ही लौट गए।
छात्र रोहित यादव, अरुण चौहान, अभिषेक गुप्ता, करन यादव, मैनुद्दीन, अभय मौर्य, मोहित वर्मा, बेबी श्रीवास्तव, वंदना सोनी, गुलशन आदि ने शुक्रवार को बाबू ज्ञान सिंह इंटर कॉलेज में प्रदर्शन व नारेबाजी की। बच्चों ने कहा कि कॉलेज के बगल से ही हाईटेंशन लाइन गुजरी है। तार हटवाने के लिए कॉलेज प्रशासन ने कई बार विभागीय अधिकारियों को पत्र सौंपा मगर सुनवाई नहीं हुई। बृहस्पतिवार रात तार टूटकर लटक गया। इससे कोई बड़ी घटना घट सकती है।
मामले की जानकारी पाकर बिजली कर्मचारी मौके पर पहुंचे मगर बच्चों ने कहा कि जब तक हाईटेंशन लाइन कॉलेज से दूर शिफ्ट नहीं की जाएगी, तब तक तार जोड़ने नहीं दिया जाएगा।
कॉलेज प्रबंधक शशिकरण सिंह का कहना है कि मुख्यमंत्री ने भी विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन तार हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अभी तक विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन तार नहीं हटाए गए। कॉलेज प्रशासन ने पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों के कहने पर वर्ष 2020 में तार हटवाने के लिए अपने खर्च पर ट्रांसफार्मर और पोल लगवा दिया। इसके बाद भी लाइन शिफ्ट नहीं की गई।
इस बारे में एसडीओ रेहरा बाजार राजकुमार यादव ने बताया कि विद्युतीकरण के बाद यदि कॉलेज भवन का निर्माण हुआ है तो तार हटवाना संभव नहीं है। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।