बलरामपुर। रेलवे की जमीन पर दोबारा अतिक्रमण करने वाले 10 लोगों को बुधवार को जीआरपी के जवान पकड़ ले गए। कुछ देर बाद इन लोगों को तत्काल अतिक्रमण हटाने और दोबारा ऐसा नहीं करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर दुर्गेश कुमार ने बताया कि गत आठ जनवरी को हरैया तिराहे से लाल चौराहे तक रेलवे की जमीन से अतिक्रमण हटाया गया था। बुधवार को निरीक्षण में देखा गया कि 10 लोगों ने दोबारा अतिक्रमण कर लिया है। जीआरपी के जवान इन लोगों को पकड़कर तुलसीपुर रेलवे स्टेशन ले गए। फिर तत्काल अतिक्रमण हटाने और दोबारा ऐसा करने पर जुर्माने के साथ-साथ कार्रवाई करने की चेतावनी देकर सभी को छोड़ दिया गया।