महराजगंज तराई। क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। पिता की तहरीर पर ट्रक चालक पर रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच में पुलिस जुट गई है। शिवानगर चयपुरवा निवासी जलालुद्दीन शाह ने बताया कि उनका पुत्र नफीस अहमद शनिवार रात करीब 10 बजे मोटरसाइकिल से चयपुरवा से शिवानगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान तुलसीपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने पीछे से उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में नफीस अहमद गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे जिला मेमोरियल अस्पताल बलरामपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद मृतक के पिता ने थाने पहुंचकर ट्रक चालक पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।