बलरामपुर के संयुक्त जिला चिकित्सालय में चिकित्सक कक्ष के बाहर खड़े मरीज।
बलरामपुर। गलन भरी ठंड के चलते अस्पतालों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अस्पतालों में सर्दी, जुकाम व बुखार से पीड़ित मरीजों की भीड़ ज्यादा जुट रही है। संयुक्त जिला चिकित्सालय व जिला मेमोरियल चिकित्सालय में मंगलवार को 1,200 से अधिक मरीजों की ओपीडी हुई। जिनमें से 523 मरीज सर्दी, जुकाम व बुखार से पीड़ित मिले।
बीते चार दिनों से जिले में शीतलहर व गलन भरी ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। इससे तापमान काफी नीचे आ गया है। मौसम में बदलाव के कारण लोग विभिन्न बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। मरीजों की संख्या बढ़ने से सरकारी अस्पतालों में भीड़ बढ़ने लगी है। संयुक्त जिला चिकित्सालय व जिला मेमोरियल चिकित्सालय में मंगलवार को मरीजों की भारी भीड़ दिखी। संयुक्त जिला चिकित्सालय में 600 से अधिक मरीजों की ओपीडी हुई। यहां गैलरी में बैठे नगर के मोहल्ला पूरबटोला निवासिनी सुमन तिवारी ने बताया कि उनकी बेटी अंशी पिछले तीन-चार दिनों से सर्दी, जुकाम व बुखार से पीड़ित है। दो घंटे से अधिक समय बीत गया, भीड़ अधिक होने के कारण अभी तक डॉक्टर को दिखा नहीं पाई हूं।
वहीं, ग्राम कलवारी निवासी संगम लाल ने बताया कि बेटे शिवम को कई दिनों से बुखार आ रहा है। करीब ढाई घंटे बाद डॉक्टर को दिखा पाया हूंं। इसी तरह जिला मेमोरियल चिकित्सालय में इलाज कराने आए हनुमान, गुड्डू, शिवानी, इदरीश, इस्लाम व मोहन आदि ने बताया कि सुबह से ही अस्पताल में काफी भीड़ है। मात्र दो-तीन डॉक्टर होने के कारण घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। यहां पर दोपहर एक बजे तक 533 मरीजों का पर्चा बनाया जा चुका था।