बलरामपुर। आयुष्मान योजना के एक लाख 12 हजार 294 लाभार्थी जल्द ही पांच लाख तक की मुफ्त इलाज की सुविधा से वंचित हो जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कराए गए सर्वे में ऐसे लाभार्थी मिले हैं, जिनका सूची में नाम अथवा पता गलत मिला है। जिला प्रशासन सर्वे का सत्यापन करा रहा है। सत्यापन के बाद ऐसे लाभार्थियों के नाम सूची से हटाने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
जिले में आयुष्मान योजना के कुल छह लाख 29 हजार 557 लाभार्थी हैं। इसमें आर्थिक जनगणना 2011 के अनुसार पांच लाख तीन हजार और अंत्योदय योजना से एक लाख 26 हजार 557 पात्रों का चयन हुआ है। सभी लाभार्थियों का गोल्डन कार्ड न बनने पर स्वास्थ्य विभाग ने अप्रैल व मई महीने में आयुष्मान लाभार्थियों का स्थलीय सर्वे कराया था। सर्वे में आर्थिक जनगणना वाले एक लाख तीन हजार 753 और अंत्योदय योजना के आठ हजार 541 लाभार्थियों का नाम अथवा पता गलत मिला है। इसके तहत बलरामपुर नगर में 11693, श्रीदत्तगंज में 3966, हरैया सतघरवा में 11371, गैड़ास बुजुर्ग में 8497, रेहरा बाजार में 7977, गैसड़ी में 16501, उतरौला में 9535, बलरामपुर ग्रामीण में 8319, तुलसीपुर में 22118 और पचपेड़वा में 12317 लाभार्थी शामिल हैं।
आयुष्मान योजना के नोडल व एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि 31 मई तक हुए सर्वे में ऐसे लाभार्थियों का नाम अथवा पता गलत मिला है। जिलाधिकारी द्वारा सर्वे का सत्यापन दूसरे विभागों से कराया जा रहा है। इसके बाद सूची शासन को भेज दी जाएगी।