बलरामपुर के अहलादडीह गांव में मृतका के घर मामले की छानबीन करती पुलिस।
बलरामपुर। तुलसीपुर थाना क्षेत्र के अहलादडीह गांव में बृहस्पतिवार को संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। सुबह महिला का शव कमरे में पंखे से लटकता मिला। पुलिस ने शव को पीएम के लिए लिए भेजा। मृतका के पिता की तहरीर पर पति तथा सास-ससुर सहित छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
थाने में दी गई तहरीर में मृतका के पिता अनिल कुमार पांडेय ने कहा है कि वर्ष 2016 में बेटी विभा पांडेय की शादी अहलादडीह गांव निवासी अमित कुमार पांडेय से की थी। विवाह के दो साल बाद दहेज को लेकर बेटी व दामाद के बीच विवाद शुरू हो गया। मामला बढ़ने पर न्यायालय में मुकदमा भी किया गया। इसी बीच अक्तूबर 2022 में बेटी के ससुरालीजन कुछ रिश्तेदारों के साथ उनके घर पहुंचे और सुलह समझौता करके विभा को वापस ससुराल ले गए।
आरोप लगाया है कि ससुराल में सास-ससुर, पति अमित व तीन ननद ने विभा को मार डाला। इंचार्ज प्रभारी निरीक्षक गुरुसेन सिंह ने बताया कि मृतका के पिता अनिल कुमार की तहरीर पर पति अमित कुमार पांडेय, सास विद्या पांडेय, ससुर रामबदल पांडेय निवासी अहलादडीह और मृतका की तीन ननद गायत्री तिवारी निवासी मदरहवा, सुषमा तिवारी उर्फ रेखा, ऊमा तिवारी उर्फ टीशू निवासी जगदीशपुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। शव को पीएम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।