ललिया/महराजगंज तराई (बलरामपुर)। पहाड़ी नालों में आई बाढ़ के चलते महराजगंज तराई व ललिया थाना क्षेत्र के कई गांव चारों तरफ से पानी से घिर गए हैं। परिषदीय विद्यालयों में पानी भर जाने के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। बाढ़ के पानी से घिरे होने के कारण जहां जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है वहीं, मवेशियों के लिए चारा-पानी का संकट भी बढ़ गया है।
ललिया-हरिहरगंज मार्ग पर पानी बहने के कारण क्षेत्र के तमाम गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। लोग जान जोखिम में डालकर यात्रा कर रहे हैं।
महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के कचनी नाले में रविवार की सुबह अचानक बाढ़ आ गई। बाढ़ के चलते बरगदही, साखीरेत, चिकनौटा, सुखदेवपुरवा, हिम्मतपुरवा, चंदनजोत, बुड़ंतापुर व अम्मरनगर आदि गांव चारों तरफ से पानी से घिर गए हैं। ग्रामीणों को गांव से निकलने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान मंगलदेव सिंह, केसरी सिंह, भगतराम, पंकज, आशीष व राजू सिंह आदि ने बताया कि गांव में पानी भरने के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि प्रशासन की तरफ से अभी तक बाढ़ पीड़ितों के लिए कोई मदद नहीं पहुंचाई गई है। इन लोगों ने जिलाधिकारी से बाढ़ प्रभावित गांवों में पर्याप्त नाव उपलब्ध कराए जाने की मांग की है। तहसीलदार तुलसीपुर परमेश कुमार ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल को भेजकर बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में पीड़ितों को हरसंभव मदद पहुंचाई जाएगी। क्षेत्रीय लेखपाल को गांवों में भेजकर क्षति का आकलन भी कराया जाएगा।
ललिया थाना क्षेत्र के पहाड़ी नाला हेंगहा व गौरिया पहाड़ी नाले में बाढ़ आने से बलदेवनगर, खवासपुरवा, घुमनहवा, दलपतपुर, ओदरहिया, तुरकौलिया, पिठ्ठा व लौकहवा आदि गांव पानी से घिर गए हैं। पहाड़ी नाले में अचानक आई बाढ़ से ललिया-हरिहरगंज मार्ग के लौकहवा डिप पर तेज बहाव के साथ पानी बह रहा है। डिप पर पानी बहने के कारण क्षेत्र के तमाम गांव का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। लोग जान जोखिम में डालकर एक-दूसरे का हाथ पकड़कर कर पैदल डिप पार कर रहे हैं। क्षेत्रवासी मनोज कुमार, दिनेश, रवि, प्रदीप, सुजीत, अनूप, रमजान, शिव प्रसाद, इश्तियाक व हरिराम आदि ने बताया कि गांव में पानी भरने के कारण सबसे अधिक समस्या मवेशियों के लिए चारा-पानी की है। भूसा भीग कर गीला हो गया है और खेतों में पानी भरने के कारण मवेशियों के लिए हरा चारा भी नहीं मिल पा रहा है।
विद्यालयों में भरा पानी, पढ़ाई प्रभावित
पहाड़ी नालों में आई बाढ़ के चलते महराजगंज तराई व ललिया क्षेत्र के कई परिषदीय विद्यालयों में पानी भर गया है। प्राथमिक विद्यालय चंदनजोत, पूर्व माध्यमिक विद्यालय साखीरेत व कंपोजिट विद्यालय बरगदही में पानी भरने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अभिभावक नदीम, श्यामधनी, हनुमान प्रसाद, घनश्याम, मोहम्मद अहमद व शिवकुमार आदि का कहना है कि जब भी बाढ़ आती है तो बच्चों की पढ़ाई कम से कम एक सप्ताह तक ठप रहती है।