बलरामपुर। आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए आयुष विभाग द्वारा हर दिन आयुर्वेद, हर घर आयुर्वेद अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सक 23 अक्तूबर तक गांवों में शिविर लगाकर लोगों को आयुर्वेद का महत्व समझा रहे हैं। साथ ही मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवा भी निशुल्क दे रहे हैं।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. दिग्विजय नाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य आयुष सोसाइटी द्वारा आयुर्वेद को घर-घर पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें सभी 30 अस्पताल अपने-अपने क्षेत्र के गांवों में शिविर लगाकर आयुर्वेदिक दवाओं से इलाज कर रहे हैं।
शिविर में ग्राम प्रधान, आशा, आंगनबाड़ी व हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर पर तैनात सीएचओ की मदद से डॉक्टर आयुर्वेद व यूनानी दवाओं का महत्व लोगों को समझा रहे हैं। ग्रामीणों को ध्यान, योग व व्यायाम की जानकारी भी दी जा रही है। स्कूलों में छात्र-छात्राओं को योग व आयुर्वेद से जुड़ी जानकारी दी जा रही है। बुधवार को प्राथमिक विद्यालय नेवल गढ़ में शिविर लगाकर मरीजों का उपचार किया।