बलरामपुर। निकाय चुनाव की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे चुनावी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। शहर के हर गली-मोहल्ला व चौक-चौराहों पर इस समय चुनावी चर्चा का ही दौर चल रहा है। हर कोई अपने पसंदीदा प्रत्याशी को जिताने का समीकरण बता रहा है।
मंगलवार की दोपहर गोंडा रोड स्थित छोटू चाय की दुकान पर कुछ लोग चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों की जीत-हार का समीकरण बता रहे थे। शाहवाज ने कहा कि शहर का विकास व जनता का बात सुनने वाले प्रत्याशी को ही प्राथमिकता दूंगा। कृपाराम बोल पड़े कि ऐसे व्यक्ति को चेयरमैन चुनें, जो केवल वादों तक ही सीमित न रहे, बल्कि कसौटी पर खरा उतरे।
इरशाद ने तर्क दिया कि प्रत्याशी का चयन इस आधार पर करें कि चेयरमैन बनने वाला व्यक्ति साफ-सुथरी छवि वाला हो, पढ़ा-लिखा व जनता के लिए संघर्ष करने वाला हो। इस्लामुद्दीन ने कहा कि निकाय चुनाव जनता की अपेक्षा का आधार है। योग्य व कर्मठ प्रत्याशी को ही मौका देना चाहिए। सैय्यद ने कहा कि सभी प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला है। सही ढंग से प्रत्याशी चयन करना जरूरी है।