परिषदीय व राजकीय विद्यालयों में विविध प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
गोष्ठी में मेजर ध्यानचंद के जीवनवृत्त पर डाला गया प्रकाश
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद की जयंती बृहस्पतिवार को खेल दिवस के रूप में मनाई गई। इस दौरान परिषदीय व राजकीय विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। खेलों में स्कूलों के छात्रों ने दमखम दिखाया। इस दौरान प्रतियोगिता में अव्वल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
बीएसए शुभम शुक्ला के निर्देशन में कंपोजिट विद्यालय मुजेहनी में खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रभारी प्रधानाध्यापक महमूद उल हक ने किया। उच्च प्राथमिक स्तर पर सईदा जमाल, अनिल कुमार, अमित कुमार और नंदिनी शुक्ला की निगरानी में कैरम, लूडो व वजीर बादशाह जैसे घरेलू एवं स्थानीय खेलों के साथ पोस्टर एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। अल्पना कुमारी, अंशु, जितेंद्र और कदम वॉलंटियर माया यादव के सहयोग से प्राथमिक स्तर के बच्चों में बोल भाई कितने, घोड़ा जमाल व चिड़िया उड़ जैसे खेलों का आयोजन किया गया।
प्लेट बोलरिंग में कोमल प्रथम, अकरम द्वितीय तथा मोईन अख्तर तृतीय स्थान पर रहे। नंबर बॉटल गेम में सचिन प्रथम, गुड़िया द्वितीय तथा कलीम तृतीय स्थान पर रहे। कैरम प्रतियोगिता में सोनू प्रथम, सलमान द्वितीय तथा भीष्म तृतीय स्थान पर रहे। पोस्टर प्रतियोगिता में तहसीन प्रथम, ओंकार द्वितीय तथा मन्ना तृतीय स्थान पर रहे।
कंपोजिट विद्यालय आदर्श में प्रभारी प्रधानाध्यापिका सलमा खान एवं खेल अनुदेशक वंदना सिंह के नेतृत्व में दौड़, खो खो, रस्सी कूद, कैरम, लूडो, ऊंची कूद व मेढक कूद आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद के नेतृत्व में राजकीय कॉलेज में प्रतियोगिताएं व गोष्ठी का आयोजन किया गया।
राजकीय इंटर कॉलेज दारीचौरा में गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य आशीष मौर्य ने कहा कि मेजर ध्यानचंद जी की स्मृति में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। खेल शिक्षक संजय यादव ने गोष्ठी का संचालन किया। शिक्षक आशीष कुमार वर्मा ने बताया कि वालीबॉल एवं क्रिकेट के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इसी तरह जिले के सभी परिषदीय व माध्यमिक विद्यालयों में खेल दिवस के उपलक्ष्य में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।