12 दिन पहले ही परिसर के छात्रावास में सोते समय हुई थी हत्या
पुलिस ने खुलासा कर बाल अपचारी को भेजा था संरक्षण गृह
परिजनों ने एसपी को शिकायती पत्र देकर खुलासे पर उठाए सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। तुलसीपुर के एक मदरसे में 12 दिन पहले हुई कक्षा दो के छात्र की हत्या के मामले में सोमवार को नया मोड़ आ गया। मृतक के परिजनों ने एसपी से मिलकर मदरसे के शिक्षकों पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए विवेचना पर भी सवाल उठाए हैं। कहा कि मदरसे में शिक्षक डरा-धमकाकर छात्र के साथ कुकर्म करते थे। एसपी का कहना है कि मामले की जांच कर खुलासा किया जा चुका है। अब परिजनों के आरोपों पर भी जांच कराई जाएगी।
पहली अगस्त को तुलसीपुर के एक मदरसे में 12 वर्षीय छात्र की सोते समय चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। उस वक्त परिजनों ने खुलकर कोई भी आरोप नहीं लगाया था। हालांकि पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए बाल अपचारी सहपाठी को संरक्षण गृह भेजा था।
सोमवार को मृतक छात्र के पिता ने एसपी विकास कुमार को शिकायती पत्र दिया। आरोप लगाया कि मदरसे में शिक्षक डरा-धमकाकर बेटे से कुकर्म करते थे। मदरसा प्रबंधन से कई बार शिकायत भी की थी। पिता ने आरोप लगाया कि शिकायत के चलते ही उनके बेटे की हत्या की गई है। उन्होंने घटना के वक्त सीसीटीवी कैमरा बंद होने, घटना के वक्त कमरे में मौजूद अन्य किसी छात्र को आहट तक न होने, मौके पर खून न मिलने सहित कई अन्य सवाल उठाते हुए पुलिस की विवेचना पर सवाल खड़े किए हैं। एसपी ने आरोपों की गहन छानबीन कराने का आश्वासन दिया है।