बलरामपुर। मदरसा बोर्ड परीक्षा 17 मई से शुरू हो रही हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। आठ परीक्षा केंद्रों पर 4411 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सकुशल परीक्षा संपन्न कराने के लिए अल्प संख्यक कल्याण विभाग ने तैयारी पूरी करने का दावा किया है।
उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की ओर से संचालित मौलवी, मुंशी, आलिम, कामिल एवं फाजिल की परीक्षाएं 17 से 24 मई के मध्य कराई जाएंगी। मौलवी मुंशी की परीक्षाएं प्रथम पाली सुबह आठ से 11 बजे तक और आलिम, कामिल व फाजिल की परीक्षाएं दूसरी पाली दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होंगी। जिले में 59 मदरसे संचालित हैं। इनमें कुल 4411 छात्र इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।
जिला अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी बालेंदु द्विवेदी ने बताया कि जिले में आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। डीएवी इंटर कॉलेज बलरामपुर, मदरसा अबरारूल उलूम, मदरसा जामिया मोइनिया निशवा कॉलेज गैड़ासबुजुर्ग, हाजी इस्माइल इंटर कॉलेज, मदरसा फजले रहमानिया पचपेड़वा, मदरसा जामिया अरबिया मदारूल उलूम, एमवाई उस्मानी इंटर कॉलेज उतरौला तथा ताहिरा गर्ल्स इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र शामिल हैं।