बलरामपुर। एमएलके महाविद्यालय के खेल मैदान में चल रहे महाराजा सर बीपी सिंह अखिल भारतीय प्राइजमनी हॉकी टूर्नामेंट में मंगलवार को चार प्री क्वार्टर मुकाबले खेले गए। इनमें लखनऊ की टीमों का दबदबा रहा।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम लखनऊ एवं एसबी सिंह हॉकी क्लब लखनऊ के साथ ही टीटी नगर भोपाल और एएससी जालंधर की टीमों ने प्री क्वार्टर मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। दीपक पटेल, अल्माज खान, प्रशांत शुक्ल व सुखविंदर सिंह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
पहला प्री क्वार्टर फाइनल मैच हॉकी एकेडमी गांधीनगर गुजरात व केडी सिंह बाबू स्टेडियम लखनऊ के बीच खेला गया। मुख्य अतिथि सूबेदार गुरनैल सिंह व आई सर्जन डॉ. कुलदीप विश्वकर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। मैच के आठवें मिनट में हॉकी एकेडमी गांधीनगर गुजरात की टीम ने मैदानी गोल किया। 12वें मिनट में केडी सिंह बाबू स्टेडियम के टीम ने मैदानी गोल करके मुकाबला बराबरी पर ला दिया।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम की टीम ने मैच के 30वें व 59वें मिनट में पेेनाल्टी कार्नर से गोल करके 3-1 से मुकाबला जीत लिया। मैदानी गोल के लिए केडी सिंह बाबू टीम के खिलाड़ी दीपक पटेल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा प्री क्वार्टर मुकाबला इंडियन बैंक चेन्नई एवं स्पोर्ट्स एंड यूथ वेलफेयर टीटी नगर भोपाल के बीच खेला गया। भोपाल की टीम ने चेन्नई की टीम को 4-1 गोल से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मैैदानी गोल के लिए भोपाल के खिलाड़ी अल्माज खान को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
तीसरा प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबला ब्वॉयज स्पोर्ट्स शिवनी मध्य प्रदेश और एसबी सिंह हॉकी क्लब लखनऊ के बीच खेला गया। एसबी सिंह हॉकी क्लब लखनऊ की टीम ने एकतरफा मुकाबले में 14, 17, 33 एवं 34वें मिनट में मैदानी गोल करके 4-0 से मैच जीत लिया। दो मैदानी गोल करने के लिए एसबी सिंह हॉकी क्लब लखनऊ के खिलाड़ी प्रशांत शुक्ल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
अंतिम प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबला भुसावल रेलवे एकेडमी महाराष्ट्र एवं एएससी जालंधर केे बीच खेला गया। शुरूआत से ही एएससी जालंधर की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सात गोल किए। भुसावल एकेडमी महाराष्ट्र की टीम केवल दो गोल ही कर सकी। इस तरह 7-2 से मैच जीतकर एएससी जालंधर की टीम ने अगले दौर में प्रवेश कर लिया। तीन गोल करने वाले जालंधर के खिलाड़ी सुखविंदर सिंह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष भगवती शुक्ल, कांग्रेस नेता दीपांकर सिंह, पूर्व चेयरमैन इशरत जमाल, भूपेंद्र सिंह बजाज व इकबाल जावेद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।