महाराजगंज तराई (बलरामपुर)। तुलसीपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत लाल नगर सिपहिया गांव में फिर से तेंदुआ देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत व भय व्याप्त है। सूचना के बाद वन विभाग की टीमें इलाके में पिंजरा लगाकर तेंदुए की निगरानी में जुट गई हैं। दूसरी तरफ बरहवा रेंज के काम काज में लापरवाही बरतने पर शासन ने रेंजर केपी सिंह को निलंबित कर तुलसीपुर के रेंजर को रेंज का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है।
बहरवा रेंज बीते तीन माह से लगातार तेंदुआ निकलने के साथ ही पेड़ कटान के बढ़ते मामलों से चर्चा में थी। रेंज से जुड़े तीन गांवों में तेंदुए की दहशत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। इसके साथ ही निलंबित रेंजर पर विभागीय दायित्वों के निर्वाहन में भी शिथिलता बरतने का आरोप था। डीएफओ एम. सेम्मारन ने बताया कि निलंबित रेंजर केपी सिंह को रेंज से हटा कर, उनके स्थान पर तुलसीपुर रेंज के अमरजीत प्रसाद को रेंज का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। निलंबित रेंजर अब मुख्यालय से संबद्ध रहेंगे।
उधर, बुधवार को लाल नगर सिपहिया गांव के मुश्ताक ने बताया कि बीती रात करीब आठ बजे घर के पास ही परिवार के सभी सदस्य अलाव ताप रहे थे, तभी पुत्री सबरुन घर के अंदर से टॉर्च लेकर बाहर निकली तो उसकी रोशनी में तेंदुआ घर के पास ही चहल-कदमी करता दिखा। हो-हल्ला मचाने पर तेंदुआ बगल के खेत से होकर जंगल की तरफ भाग गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी।
इसके साथ ही ग्राम पंचायत दांदव व महादेव गोसाई गांव के बीच भी बीते सोमवार को क्षेत्रीय ग्रामीणों ने एक तेंदुए को घूमते देखा था। इससे भयभीत ग्रामीण डीपी सेन, रमेश, अभय, संतोष, पप्पू सिंह व भरतलाल ने वन विभाग से मांग की है कि विचरण कर रहे तेंदुए को तत्काल पकड़ा जाए। इसके लिए उन्होंने महादेव गोसाई मंदिर व दादव गांव के पिंजड़ा लगवाने की मांग भी की है। जबकि बीते दिनों वन विभाग की तरफ से पकड़े गए तीन में से दो तेंदुए अभी भी जनकपुर रेंज के मेहमान बने हैं। शासन स्तर से कोई दिशा निर्देश न मिलने के कारण इन्हें रेंज कार्यालय में ही पिंजरे में रखा गया है।