बलरामपुर। सोहेलवा क्षेत्र के जयजलवा फार्म हाउस के निकट सागौन बाग में घूमता दिखा। तेंदुए ने निगरानी टीम को धता बताते हुए बेलवा गांव के खलिहान गांव में एक बछड़े पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया। दूसरी तरफ वन विभाग की टीम तेंदुए के इंतजार में बहदिनवा नाला किनारे बने मचान पर ही बैठी रह गई। तेंदुए की कदमताल से इलाके के गांवों में दहशत कायम है। सूचना पर वन विभाग की टीम को छानबीन करने पर तेंदुए के पैरों के चिन्ह भी मिले।
मंगलवार रातभर ड्रोन उड़ाने के बावजूद ऑपरेटर सोमन दत्ता को तेंदुए का लोकेशन नहीं मिल सकी। बुधवार को बहदिनवा नाला किनारे झाड़ियों से बाहर निकलते ही तेंदुआ कैमरे में कैद हो गया। इसके बाद सक्रिय हुई टीम उसकी गहन निगरानी में जुट गई ताकि मौका देखते ही मचान से उसे ट्रेंकुलाइज किया जा सके। लेकिन तेंदुआ निगरानी टीम को चकमा देकर दूसरे रास्ते से गांवों की तरफ पहुंच कर एक बछड़े पर हमला कर घायल करने के बाद वापस जंगल में भाग निकला। डीएफओ डा. एम सेम्मारन ने बताया कि निगरानी की जा रही है। सर्तकता के लिए लोगों को जागरूक किया गया है। जल्द ही तेंदुआ टीम की पकड़ में आ जाएगा।