ललिया (बलरामपुर)। कुछ दिनों की शांति के बाद सोहेलवा क्षेत्र से सटे ग्रामीण इलाकों में तेंदुआ फिर हमलावर हो गया है। क्षेत्रीय ग्रामीणों ने ललिया थाना क्षेत्र के चौकाकला गांव में एक नहीं दो-दो तेंदुए चहलकदमी करते हुए देखे हैं। इन तेंदुओं ने हमला कर खेत की रखवाली कर दो किसानों के साथ एक दस साल की बच्ची को घायल किया है। घायलों को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से इलाज के बाद घर भेजा गया।
डीएफओ डा. एम. सेम्मारन ने बताया कि इलाके में तेंदुए के हमले की सूचना के बाद निगरानी के लिए वन विभाग की टीमों को मौके पर तैनात किया गया है। सोमवार की रात चौकाकला गांव में हमलावर हुए तेंदुए ने खेत की रखवाली कर रहे किसान शिवकुमार वर्मा पर घात लगाकर हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर उन्हें बचाने के लिए मौके पर पहुंचे गांव के ही केदार नाथ वर्मा व दस वर्ष की पूजा पर भी तेंदुए ने हमला कर उनका पैर नोच लिया।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ गन्ने के खेत से जंगल की ओर भाग गया। गांव निवासी सुशील कुमार तिवारी, भैरों प्रसाद तिवारी, राम कुमार ने वन विभाग के अफसरों को बताया कि उन्होंने इलाके में एक नहीं दो-दो तेंदुए देखे हैं। बताया कि गांव के उतरी छोर पर सड़क के किनारे गन्ने के खेत में देररात भी दो तेंदुए सोमवार की रात हांका लगाने पर दिखाई दिए थे।
सोहेलवा क्षेत्र में वन विभाग की टीम अब तक तीन तेंदुए पकड़ चुकी है। वन विभाग की टीम ने तीन जनवरी को हरैय्या के बेलवा गांव में, छह जनवरी को लालनगर सिपहिया में और 13 जनवरी को धर्मपुर गांव में एक- एक तेंदुए को पिंजड़े में फंसा कर पकड़ा था। इसके बाद भी सोहेलवा क्षेत्र में तेंदुए की दहशत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। कुछ दिनों की शांति के बाद अब नए गांवों में भी तेंदुए की आमद से ग्रामीणों में फिर से डर व दहशत व्याप्त हो गई है।