-बलरामपुर के कलेक्ट्रेट में डीएम को ज्ञापन सौंपते अधिवक्ता।-संवाद
बलरामपुर। हापुड़ में अधिवक्ताओं पर हुए लाठी चार्ज के विरोध में वकीलों कार्य बहिष्कार प्रदर्शन जारी है। बुधवार को नाराज अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट कोर्ट से लेकर तीनों तहसीलों में न्यायिक कार्य का बहिष्कार करते हुए मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। प्रदर्शन की समाप्ति पर अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों का एक ज्ञापन भी जिलाधिकारी को सौंपा। साथ ही एलान किया कि बृहस्पतिवार को सभी अधिवक्ता दीवानी परिसर में एकत्रित होकर प्रदेश सरकार का पुतला फूंकेंगे।
हापुड़ के डीएम व एसपी के स्थानांतरण पर अड़े अधिवक्ताओं का जुलूस सरकार विरोधी नारेबाजी के साथ दीवानी परिसर से निकलकर कलेक्ट्रेट पहुंचा। नाराज वकीलों ने अपनी मांगों का राज्यपाल व मुख्यमंत्री को संबोधित अलग अलग मांगपत्र भी जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया। जिला बार संघ अध्यक्ष रामानंद मिश्र ने बताया कि हापुड़ के डीएम, एसपी व सीओ का तत्काल स्थानांतरण किया जाए। साथ ही अधिवक्ताओं पर दर्ज फर्जी मुकदमे वापस लेकर दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा लिखकर उनकी सेवा समाप्त की जाए। जिला बार संघ महामंत्री अजय बहादुर सिंह व कलेक्ट्रेट बार संघ महामंत्री कमलेश्वर सिंह ने कहा कि बार काउंसिल के आह्वान पर बृहस्पतिवार को दीवानी परिसर में प्रदेश सरकार का सांकेतिक पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
कलेक्ट्रेट बार संघ अध्यक्ष दयाशंकर पांडेय, युवा बार संघ अध्यक्ष अमित कुमार पांडेय व महामंत्री विवेक कुमार सिंह ने कहा कि बार काउंसिल के निर्देशानुसार अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। जिले के उतरौला व तुलसीपुर तहसील में भी अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य न करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इसके चलते तहसीलों में बैनामा व रजिस्ट्री के साथ ही राजस्व कोर्ट से जुड़ा अन्य कार्य न होने से वादकारियों को काफी परेशानी उठाना पड़ी।