बलरामपुर। उतरौला एसडीएम व तहसीलदार के स्थानांतरण तथा लेखपालों के निलंबन की मांग पर अड़े अधिवक्ताओं ने मंगलवार को बलरामपुर-बस्ती मार्ग जाम करके प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे एडीएम ने अधिवक्ताओं से ज्ञापन लिया। उन्होंने अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुधवार को अपने कार्यालय बुलाया है।
23 दिसंबर को लेखपालों से विवाद के बाद वकीलों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। जिसके विरोध में वकील लगातार आंदोलन कर रहे हैं। मंगलवार को वकीलों ने तहसील गेट के सामने बलरामपुर-बस्ती मार्ग पर जाम लगाकर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
अधिवक्ता लकी खान ने कहा कि उतरौला तहसील भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई है। अमित श्रीवास्तव ने कहा कि एसडीएम व तहसीलदार के रहते यहां पीड़ितों को न्याय मिल पाना संभव नहीं है। इनका स्थानांतरण होने तक आंदोलन जारी रहेगा। रामचंद्र जायसवाल ने कहा कि मांगें पूरी न हुईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र सिन्हा ने कहा कि अधिकारियों की उदासीनता से वकीलों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अब आंदोलन तभी समाप्त होगा, जब एसडीएम-तहसीलदार व लेखपालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होगी।
वकीलों द्वारा सड़क जाम व प्रदर्शन करने की सूचना पर एडीएम प्रदीप कुमार व एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने वकीलों को समझाकर शांत कराया।
अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने एडीएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें वकीलों पर दर्ज मुकदमा वापस लेने, एसडीएम व तहसीलदार के स्थानांतरण, लेखपाल बृजेश सिंह व बेचनराम शास्त्री के निलंबन और तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग की गई है। विवाद का पटाक्षेप करने के लिए एडीएम ने अधिवक्ताओं को बुधवार को वार्ता के लिए अपने कार्यालय बुलाया है।
आंदोलन में अधिवक्ता संघ के महामंत्री गयासुद्दीन, अनीसुल हसन, शाहबाज फजल, नजीर हैदर, जितेंद्र चौधरी, नसीम, प्रहलाद यादव, बेनीमाधव तिवारी, अब्दुल मोईद सिद्दीकी, जयकरन भारती, महेंद्र पांडेय, आलोक गुप्त सहित तमाम वकील शामिल रहे। अधिवक्ताओं के प्रदर्शन के मद्देनजर मौके पर श्रीदत्तगंज, गैड़ास बुजुर्ग व उतरौला कोतवाली की पुलिस तैनात की गई थी।
वकीलों द्वारा बलरामपुर-बस्ती मार्ग पर जाम लगाने से दो घंटे तक आवागमन ठप रहा। हालांकि इस दौरान वकीलों ने स्कूली वाहनों व एंबुलेंस को जाने दिया। अन्य वाहनों का संचालन कोतवाली के पहले ही रोक दिया गया। वाहनों का आवागमन ठप होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इससे शहर में घंटों जाम लगा रहा।