बलरामपुर। कानपुर नगर में साथी अधिवक्ताओं के साथ हुए दुर्व्यवहार को लेकर जिले के अधिवक्ता लामबंद हो गए हैं। कार्य बहिष्कार कर बुधवार को दीवानी न्यायालय से कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकालकर विरोध जताया।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामानंद मिश्रा, महामंत्री अजय बहादुर सिंह, दी कलेक्ट्रेट एसोसिएशन अध्यक्ष दयाशंकर पांडेय व युवा बार संघ अध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में अधिवक्ता दीवानी न्यायालय परिसर में एकत्र हुए। यहां से जुलूस निकालकर अधिवक्ता कानपुर घटना का विरोध करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने प्रदेश बार एसोसिएशन का समर्थन करते हुए दो दिन तक न्यायिक कार्य से विरत रहने की घोषणा की। साथ ही एडीएम न्यायिक ज्योति गौतम को ज्ञापन भी सौंपा। इस अवसर पर कमलेश्वर सिंह, विवेक कुमार सिंह, सत्यदेव तिवारी, हरिकांत मिश्रा, दुर्गेश पाठक, कमल नयन मौर्या, अजय प्रताप सिंह व धर्मदेव मिश्रा आदि मौजूद रहे।उतरौला में भी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे।