गैड़ास बुजुर्ग (बलरामपुर)। निर्माणाधीन थाना भवन के बगल की जमीन कब्जाने से क्षुब्ध एक युवक ने सुनवाई न होने पर मंगलवार को खुद को आग लगा कर आत्मदाह का प्रयास किया। सोशल मीडिया पर इस आत्मदाह का लाइव करने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। 45 फीसदी जले युवक को इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।
दूसरी तरफ जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश देते हुए जांच का जिम्मा अपर जिलाधिकारी को सौंपा है। एसपी भी अपने स्तर से इस मामले की अलग से जांच करा रहे हैं। थाना क्षेत्र के धोबहा गांव निवासी अनुसूचित जाति के राम बुझारत (35) की गेंडास बुजुर्ग थाने के बगल स्थित जमीन का विवाद न्यायालय में चल रहा है। इसी दौरान थाना भवन का निर्माण करा रहे ठेकेदार ने सोमवार को उसके हिस्से की जमीन पर अवैध तौर से कब्जा कर पिलर बनाना शुरू कर दिया। इससे क्षुब्ध राम बुझारत ने मंगलवार को दोपहर में सोशल मीडिया पर लाइव होकर स्थानीय पुलिस थाने व तहसील प्रशासन पर उसके हिस्से की जमीन को जबरन कब्जाने का आरोप लगाते हुए खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।
सूचना पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में युवक को इलाज के लिए सीएचसी उतरौला लेकर पहुंची। जहां से उसे जिला चिकित्सालय बलरामपुर भेज दिया गया। हालत गंभीर होने पर मंगलवार देर शाम युवक को लखनऊ स्थित मेडिकल विश्वविद्यालय के ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। चिकित्सा अधीक्षक उतरौला डा. सीपी सिंह ने बताया कि युवक लगभग 45 प्रतिशत झुलस गया है।
थाना क्षेत्र के धोबहा गांव निवासी राम बुझारत ने आत्मदाह की कोशिश ऐसी ही नहीं की। जमीन से जुड़े विवाद में उसको परेशान करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी गई है। पीड़ित के भाई राम उजागर ने बताया कि बगल में हो रहे थाना निर्माण के लिए उसके हिस्से की जमीन का कुछ हिस्सा जबरन कब्जाया जा रहा था। इसकी शिकायत उसने मुख्यमंत्री के जनता दर्शन से लेकर डीएम तक से की। इसके बावजूद उसकी पैतृक जमीन को थाना भवन का निर्माण करा रहे ठेकेदार ने घेर लिया।
मां विमला ने बताया कि सोमवार को थाने का पिलर बनाए जाने पर उसका पूरा परिवार थाने पर निर्माण रोकने की मांग करने गया था। इस दौरान पुलिस ने राम बुझारत को थाने में ही रोक लिया। आरोप है कि उसे थाने से तब जाने दिया गया जब पिलर खड़ा हो गया।
डीएम ने बताया कि गैड़ास बुजुर्ग में युवक के आत्मदाह प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रेट जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। इस मामले से जुड़े हर पहलू की जांच कर दोषियों को घेरे में लाया जाएगा।