बलरामपुर के कटरा शंकरनगर में महिलाओं को जागरूक करती विजय लक्ष्मी।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को खेती व पशुपालन में सलाह देने के लिए 107 कृषि सखियों की नियुक्ति की गई है। कृषि सखियां किसान पाठशाला का आयोजन कर महिलाओं को जैविक तरीके से खेती करने की जानकारी देकर तरक्की की राह आसान कर रही हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के लिए पहले चरण में जिले के नौ विकास खंडों में 107 कृषि सखियों की तैनाती की गई है। कृषि सखी महिलाओं को जैविक खेती, किचन गार्डेन, पशुपालन व पोषण वाटिका आदि लगवाने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। इससे न केवल गांवों की सूरत बदल रही है बल्कि महिलाओं के आगे तरक्की की राह आसान हो रही है।
इन कार्यों पर मिलता है प्रोत्साहन
पोषण वाटिका-250 रुपये
किचन गार्डेन-50 रुपये
मिट्टी की जांच-20 रुपये
जैविक कीटनाशक-10 रुपये
महिलाएं बन रहीं स्वावलंबी
ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को कृषि व पशुपालन के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कृषि सखियों की तैनाती की गई है। कृषि सखी किसान पाठशाला का आयोजन कर गांव की महिलाओं को जैविक खेती, पशुपालन, मिट्टी की जांच, किचन गार्डेन व अन्य कार्यों के लिए जागरूक कर रही हैं। - मंजू त्रिवेदी, उपायुक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन