बलरामपुर। जिले के 2,60,593 जॉबकार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर है। अभी तक उन्हें 213 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मजदूरी मिलती थी। अब उन्हें 230 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मजदूरी दी जाएगी। इससे जॉबकार्डधारकों को सहूलियत मिलेगी।
जिले के नौ ब्लॉकों की 800 ग्राम पंचायतों में कुल 2,60,593 जॉब कार्डधारक है। केंद्र सरकार की तरफ से 24 मार्च को मनरेगा श्रमिकों की मजदूरी बढ़ाने का गजट जारी किया गया है।
बैजपुर के ननकने, हरगोविंद, चौकाकला के रामजी, अर्जुनपुर के पप्पू, शंकरपुर के अनिल कुमार तथा सिरसिया के फूलचंद्र व ननकू ने बताया कि वह लोग मनरेगा जॉबकार्ड धारक हैं। महंगाई के हिसाब से प्रतिदिन की मजदूरी बढ़ना जरूरी था। सरकार के इस निर्णय से काफी राहत मिलेगी।
बताया कि शहर में पहले से ही प्रतिदिन की मजदूरी 300 रुपये मिल रही है। मनरेगा श्रमिकों की मजदूरी बढ़ाकर सरकार ने सराहनीय कदम उठाया है। सीडीओ बलरामपुर संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि शासन से पत्र मिलते ही जिले में नये दर से मनरेगा श्रमिकों को मजदूरी दी जाएगी।