बलरामपुर। जीसस एंड मैरी स्कूल एंड कॉलेज में शुक्रवार को क्रिसमस के उपलक्ष्य में द क्रिस्टफेस्ट का आयोजन किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। गीत व नाटक के माध्यम से प्रभु ईशु के संदेशों का बखान करते हुए उनके जीवन आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
क्रिस्टफेस्ट का शुभारंभ विद्यालय के छात्र योहान फर्नांडीज ने पवित्र बाइबिल की पंक्तियों का वाचन करके किया। प्रधानाचार्य कैथरीन बटरफील्ड ने अतिथियों तथा अभिभावकों का स्वागत किया। विद्यालय के बच्चों ने क्रिसमस की कविता सुनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। द वर्जिन मैरी की प्रस्तुति को खूब सराहा गया।
प्ले स्कूल के बच्चों ने द नार्थ पोल और दिस लिटिल लाइट पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। जूनियर स्कूल के बच्चों ने अप ऑन द हाउस टॉप पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर लोगों को तालियां बजाने पर विवश कर दिया। विद्यालय के शिक्षक विजय श्रीवास्तव ने युगल गीत गाकर लोगों की वाहवाही लूटी।
नर्सरी के बच्चों ने सिंग हाई सिंग लो... एवं एलकेजी के बच्चों ने बेबी जीसस बी लव यू... गीत पर समूह नृत्य किया। मस्ती भरे नृत्य जिंगल बेल रॉक ने लोगों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। शिक्षक लारेब ने खुदा की मोहब्बत... गीत गाया। बच्चों ने प्रभु ईशु के जन्म की कथा पर आधारित नेटीविटी प्ले का मंचन किया।
विद्यालय के प्रशासक क्रेग बटरफील्ड व नताशा बटरफील्ड ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए लोगों को क्रिसमस और नए साल की बधाई दी। इस मौके पर सिविल जज ज्ञानेंद्र सिंह, एडीएम ज्योति गौतम, क्षेत्राधिकारी दर्वेश कुमार, डॉ. प्रांजल त्रिपाठी व विद्यालय प्रबंधक क्लाइव बटरफील्ड सहित तमाम शिक्षक व अभिभावक मौजूद रहे।